कन्नौज। पुलिस की शह पर एक ग्राम प्रधान ने अपनी ननिहाल में रह रहे युवक को रस्सी से बांधकर पीटा। इससे वह घायल हो गया। सोमवार को मां के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे युवक ने एएसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए शरीर में लगी चोटें दिखाईं। एएसपी ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी है।
मैनपुरी के बेवर कस्बा निवासी संजय कुमार की तालग्राम थाना के गांव अयूबपुर में ननिहाल है। वह मामा रामसेवक के घर कई साल से रह रहा है। सोमवार को संजय कुमार मां रानी देवी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा। यहां एएसपी अरविंद कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि एक प्रधान से उसका विवाद है।
प्रधान की यूपी डायल 112 की पुलिस टीम से अच्छी जान-पहचान है। इस टीम की मौजूदगी में उसे 31 दिसंबर की रात रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। वह घायल हो गया। शरीर में लगी चोटों को भी उसने दिखाया। एएसपी ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।