छिबरामऊ। प्रेमिका पर तमंचा तान देने से नाराज युवक ने साथियों के साथ मिलकर डीजे संचालक नीतेश कुमार उर्फ उदयवीर की हत्या की थी। इसका खुलासा सोमवार को पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद मुख्य हत्यारोपी कुलदीप ने किया। पुलिस को हत्यारोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। दोपहर बाद पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्याययिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर गांव निवासी नीतेश कुमार की हत्या में मुख्य आरोपी कुलदीप को थाना पुलिस ने घुसुआपुर तिराहे के पास गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी की निशानदेही पर छविनाथ के ट्यूबवेल के पीछे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व कारतूस भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पूछताछ में पुलिस को कुलदीप ने बताया कि उसका गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस युवती के साथ नीतेश का भी प्रेम प्रसंग था। शनिवार को उदयवीर प्रेमिका के घर पहुंचा। प्रेमिका व उसके पिता को तमंचा तान दिया। प्रेमिका को घर से अपने साथ का प्रयास किया। इसकी जानकारी मिलने पर उसने साथी कुलदीप उर्फ केडी और सुमित उर्फ लालू के साथ मिलकर पहले नीतेश को पीटा फिर उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने मुख्य हत्यारोपी कुलदीप की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ---------
हत्या के बाद आरोपियों में हुई थी मारपीट
कुलदीप ने उदयवीर के साथ पहले मारपीट की थी। उसके बाद उदयवीर को एक खेत में ले जाकर धक्का दे दिया। फिर गोली मारकर हत्या कर दी थी। उदयवीर की मौत के बाद कुलदीप के साथी डर गए। खुद को फंसता देख सुमित ने कुलदीप के साथ मारपीट भी की थी। डीजे संचालक की हत्या के बाद आरोपी कुलदीप अपने घर चला गया था।
--