तिर्वा। मुर्गा बेचने से इनकार करने पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने पिता और उसके दो बेटों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश भी दी। वहीं घायल की हालत में सुधार हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के कपूरापुर गांव में सोमवार शाम मुर्गी पालक शकील गोली लगने से घायल हो गया था। मंगलवार को उसके भाई वकील अली ने पड़ोसी गिरीश, उसके बेटे सौरभ और गौरव के खिलाफ गोली मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसका भाई मुर्गी व मुर्गा पालते हैं। सोमवार को गिरीश उनसे मुर्गा खरीदने की जिद कर रहा था। इनकार करने पर गोली मारकर घायल कर दिया। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल की हालत में सुधार हुुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।