कन्नौज। अंतरराज्यीय चरस तस्कर की तलाश में राजस्थान की कोटा पुलिस ने शहर में डेरा डाल दिया है। मंगलवार रात पुलिस ने तस्कर की तलाश में एक साथ चार ठिकानों पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर फरार हो गया।
राजस्थान के कोटा की रेलवे कालोनी थाने की पुलिस ने शहर के तलैया चौकी मोहल्ले के गोलंदाजान से चरस तस्करी का बड़ा कनेक्शन खोज निकाला है। पुलिस ने सोमवार को कोटा में 22 लाख रुपये मूल्य की दो किलो 200 ग्राम चरस के साथ नदीम खान उर्फ राजा मद्रासी को गिरफ्तार किया था। वह अनंतपुरा का रहने वाला है। उससे पूछताछ और छानबीन में कन्नौज से चरस तस्करी का खुलासा हुआ। जिले की शहर कोतवाली के तलैया चौकी मोहल्ले के गोलंदाजान निवासी वसीम खान उसे चरस के अलावा कई मादक पदार्थ मुहैया कराता था। वसीम से चरस और मादक पदार्थ लेकर वह राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में एजेंटो को मुहैया कराता था। इस पर मंगलवार रात कोटा की रेलवे कालोनी थाना प्रभारी मुनींद सिंह पुलिस बल के साथ सदर कोतवाली पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी विकास राय और उप निरीक्षक कमल भाटी के साथ तलैया चौकी के गोलंदाजान, शेखाना, शेखपुर और हाजीगंज में छापा मारा। पुलिस के पहुंचने से पहले वसीम खान भाग गया। थाना प्रभारी मुनींद सिंह ने बताया कि वसीम कई राज्यों के एजेंटों को बड़े पैमाने पर चरस और अन्य नशीले पदार्थ मुहैया कराता है। वसीम खान को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तिहाड़ जेल से छूटकर आया है वसीम
चरस तस्कर वसीम खान और उसके साथी नदीम उर्फ राजा मद्रासी को दिल्ली पुलिस ने 12 किलो स्मैक के साथ 2015 में गिरफ्तार किया था। करीब एक माह पहले दोनों तिहाड़ जेल से छूटकर आए हैं। दोनों फिर से नशे का कारोबार करने लगे। फिलहाल जिले में इनका आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
मोबाइल बंद कर लेने से नाकाम हुई पुलिस
वसीम करीब छह फोन रखता है। इन नंबरों के आधार पर कोटा पुलिस ने छापा मारा। पुलिस की भनक लगते ही उसने सभी मोबाइल बंद कर लिए। इससे पुलिस नाकामयाब हो गई। अब उसके साथियों से पूछताछ कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।