कन्नौज जिले में मंदिर के पुजारी को बदमाशों ने बंधक बनाकर मारपीट की। उन्हें घायल करने के बाद मंदिर में रखे नगदी, टार्च, मोबाइल लेकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे से घायल पुजारी को निकाल कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
थाना इंदरगढ़ के चटरूआपुर गांव के पास निचली गंग नहर किनारे शिव मंदिर बना है। यहां गांव निवासी सेवादास उर्फ मंगलदास पुजारी हैं। मंदिर में आए चढ़ावा से वह अपना खर्च के साथ मंदिर के जीर्णोद्धार कराते हैं। मंदिर पर ही बने कमरे में रहते हैं। मंगलवार की रात दो बाइक पर चार लोग सवार होकर आए और मंदिर में रखी गोल्लक को ले जाने का प्रयास करने लगे।
जब पुजारी ने विरोध किया तो चारों बदमाशों ने पुजारी को कमरे में बंद कर उनकी जमकर पिटाई की। वह अचेत हो गए। इसके बाद बदमाश मंदिर की गोल्लक में रखी नगदी, टार्च के साथ बाबा का मोबाइल भी लेकर भाग गए। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों को बाबा नहीं दिखे तो उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद दरवाजे को जब खोला तो पुजारी लहूलुहान पड़े थे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि थानाध्यक्ष विमलेश कुमार के मुताबिक नहर किनारे मंदिर बना है। पुजारी वहीं रहते हैं। वह मार्ग सीधा ठठिया नहर किनारे होता निकलता है। रात में आवागमन होता रहता है।
चार लोग आने की जानकारी बाबा ने दी है। वह लोग मंदिर के पास शराब पीने लगे थे जिसका बाबा ने विरोध किया। इस बात पर उन लोगों ने पुजारी के साथ मारपीट कर उन्हें अचेत अवस्था में कमरे में बंद कर फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।