कन्नौज। अस्पताल से दवा लेकर लौट रही युवती को लिफ्ट देकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर वायरल करने के दोषी को कोर्ट ने 25 साल की सजा सुनाई है। साथ ही 6.06 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। वहीं दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसकी सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड कर रहा है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती 24 अप्रैल 2018 को दवा लेकर घर लौट रही थी। इस दौरान बाइक सवार तालिब और उसके नाबालिग दोस्त ने घर तक छोड़ने का झांसा देकर युवती को बाइक पर बैठा लिया। तेराजाकेट रोड पर एक नलकूप के पास ले जाकर तालिब ने युवती से दुष्कर्म किया। वहीं नाबालिग ने दुष्कर्म का वीडियो बना लिया। बाद में इस वीडियो को तालिब ने वायरल कर दिया। पीड़िता ने तालिब और नाबालिग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुधवार को विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट/अपर सत्र न्यायधीश गीता सिंह ने मामले की सुनवाई की। साक्ष्य और गवाही के आधार पर कोर्ट ने तालिब को 25 वर्ष की कैद की सजा सुनाई। साथ 6.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। शासकीय अधिवक्ता बृजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जुर्माना अदा न करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। वहीं नाबालिग आरोपी के मामले की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में चल रही है।
सात लोगों ने दी गवाही
दोषी तालिब ने सबसे पहले दुष्कर्म करते समय का बनाया गया वीडियो पीड़िता की बहन को सोशल साइट के जरिये भेजा था। इसके बाद कई लोगों को भेज दिया। वीडियो देखने वाले सात लोगों ने गवाही दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट में वीडियो को चलाया गया। इसके बाद सजा सुनाई गई।
फैसला आते ही फूट फूट कर रोने लगी पीड़िता
सुनवाई के दौरान परिवार के लोगों के साथ दुष्कर्म पीड़िता भी कोर्ट में मौजूद रही। फैसला आते ही वह रोने लगी। उसने कहा कि उसकी जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले को सजा मिल गई। उसे कोर्ट पर भरोसा था कि एक दिन उसे इंसाफ जरूर मिलेगा।