जीटीरोड पर दुर्घटनाग्रस्त आटो और मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
जलालाबाद। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जीटीरोड पर जलालाबाद जूनियर हाईस्कूल के पास आटो और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में आटो सवार छह विद्यार्थी समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया, जहां से आटो चालक और बाइक सवार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुरसहायगंज केातवाली क्षेत्र के ग्राम जुनैदपुर निवासी कमलेश का पुत्र जीतू (15) सेंट जेवियर्स स्कूल में कक्षा दस का छात्र है। उसकी बहन शिवानी (18) कक्षा 12 की छात्रा है। इसी गांव के उमेश का पुत्र अभिषेक (17) कक्षा 12 का विद्यार्थी सेंट जेवियर्स स्कूल में है। इसके अलावा गुरसहायगंज के मोहल्ला रामगंज निवासी राम प्रकाश का पुत्र सौरभ (18) भी सेंट जेवियर्स स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। रामगंज के ही अभिषेक और चंदा राठौर भी कक्षा 12 में पढ़ती हैं। सभी छात्र-छात्राएं स्कूल आने जाने के लिए एक आटो को लगाए हैं। सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद सभी विद्यार्थी आटो से घर जा रहे थे। जीटी रोड पर जलालाबाद जूनियर हाईस्कूल के पास दूध लेने जलालाबाद जा रहे गजनेर के द्वारगांव निवासी गोपीचंद (22) की बाइक और आटो की टक्कर हो गई।
आटो में सवार सभी विद्यार्थी घायल हो गए। गुरसहायगंज निवासी आटो चालक सुघर सिंह (26) भी घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया। यहां से सुघर और गोपीचंद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रबंधक सुनील सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सुनील सिंह का दावा है कि कई बार इन बच्चों के अभिभावकों से कहा गया कि आवागमन के लिए आटो या टेंपो का इस्तेमाल न करें। स्कूली बस से आवागमन करें।