तिर्वा। तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान एक की मौत हो गई।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरियापुर निवासी रमेशचंद्र (45) खेती करते थे। शुक्रवार रात दोस्त रामचंद्र (26) और सनी (35) के साथ बाइक से एक शादी में शामिल होने के लिए कानपुर देहात के मिडाकुआं गांव जा रहे थे।
तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर बलनपुर गांव के पास बाइक रोककर तीनों सड़क किनारे लघुशंका करने लगे। इसी दौरान तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर तिर्वा की ओर से आ रहे किसी वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया। यहां रमेश चंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रमेश के परिवार में पत्नी रामजानकी उर्फ उमा व पांच बच्चे हैं।