तिर्वा। मौरंग लेकर हरदोई जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कई दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए होटल में जा घुसा। लोगों ने चालक व परिचालक को पकड़ लिया।
उरई से मौरंग लेकर डंपर हरपालपुर हरदोई जा रहा था। तिर्वा-उमर्दा मार्ग पर सुबह तीन बजे के करीब डंपर चालक राकेश को झपकी लग गई। इससे अनियंत्रित हुआ डंपर सड़क किनारे स्थित बाबा होटल में जा घुसा। हादसे में कस्बा निवासी साजिद सिद्दीकी, त्रिमुखा गांव निवासी बृजेश कश्यप, मझरेटा गांव निवासी रवि राजपूत की दुकानें भी चपेट में आ गईं। इसके अलावा वहां लगा बिजली का पोल भी टूट गया। होटल संचालक अनिल राजपूत ने बताया कि हादसे में उनका काफी नुकसान हुआ है। होटल के कर्मचारी वहीं पर काम कर रहे थे। गनीमत रही कि वे बाल बाल बच गए। हादसे के बाद लोगों ने चालक और परिचालक को पकड़ लिया। एसडीओ कुलदीप राजपूूत ने बताया कि हादसे मे विद्युत विभाग का काफी नुकसान हुआ है। डंपर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।