तिर्वा। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग का विशेष जांच अभियान चलाया गया। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल के निर्देश और एडीएम आशीष सिंह के मार्गदर्शन में अभियान चला।
सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने पाल चौराहे पर डेयरी में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे दूध विक्रेता अनिल कुमार और बेहरीन रोड पर बलराम यादव के दूध वाहन को रोका। दोनों से दूध के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं, डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए नमूने लिए। मेडिकल कॉलेज से टीम ने कैंटीन प्रबंधक संचित शर्मा से रिफाइंड तेल, अरहर और मूंग दाल के साथ पके भोजन, दाल, पालक पनीर, सब्जी और चावल के सर्विलांस नमूने लिए। अधिकारियों का कहना है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।