प्रदेश सरकार जल्द ही गाय के दूध की बैकिंग कराकर मार्केट में बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी। इसके लिए उमर्दा में 8.07 एकड़ भूमि पर काऊ मिल्क प्लांट की स्थापना का कार्य चल रहा है। इसकी लागत 139 करोड़ रुपये होगी। यहां एक लाख लीटर दुग्ध भंडारण की क्षमता होगी।
मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने बताया कि इस प्लांट में मैनपुरी, गौतमबुद्ध नगर, एटा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, हमीरपुर, फिरोजाबाद, बुलंदशहर व गाजियाबाद तथा कन्नौज से आने वाला गाय का दूध भंडारित किया जाएगा। इस प्लांट से मिलने वाले दूध को अच्छी पैकिंग में रखने के बाद बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। यहां 15 दिन से लेकर एक माह तक क्षमता वाली कोल्ड चेन विकसित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि यह प्लांट जनपद के दुध उत्पादक किसानों को भी लाभ पहुंचेगा। उन्हें अपने दूध को बेचने पर बेहतर दाम मिल सकेंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. वीके त्रिवेदी ने बताया कि मौजूदा समय में मिनी काम धेनु, कामधेनु व माइक्रो कामधेनु योजना के तहत जिले में संचालित डेयरी में गाय के दूध का भी उत्पादन हो रहा है। काऊ मिल्क प्लांट के शुरू होने से यहां उत्पादित दूध बिक्री के लिए सही मार्केट मिलेगी। इससे एक ओर जहां लोगों को शुद्ध दूध मिलेगा वहीं दूसरी तरफ पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा।