कन्नौज। कोर्ट ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी है। शुक्रवार को पॉक्सो कोर्ट में उसकी पेशी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये कराई गई। अब अगली सुनवाई पांच सितंबर को होगी। अभी बचाव पक्ष ने जमानत अर्जी भी दाखिल नहीं की है। माना जा रहा है कि अगली सुनवाई के दौरान जमानत अर्जी कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व ब्लॉक नवाब सिंह यादव को पुलिस ने 12 अगस्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया था। अभी पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल नहीं किया है। इस वजह से कोर्ट ने उसकी 14 दिन की न्यायिक हिरासत और बढ़ा दी है। शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवाब सिंह की पेशी हुई।
अभियोजन पक्ष के शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि जब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हो जाएगी तब तक न्यायिक हिरासत आगे बढ़ती रहेगी। बता दें 11 अगस्त की रात पुलिस ने नवाब सिंह को चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज से किशोरी की शिकायत पर गिरफ्तार किया था। पहले पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा लिखा, लेकिन जब पीड़िता ने कोर्ट में बयान दिए तो धाराओं में परिवर्तन करते हुए उसके खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गईं थीं।
इनसेट
चार्जशीट के बाद बनाया जाएगा गैंग चार्ट
मामले की विवेचना कर रहे सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि अभी कोर्ट रिमांड चल रही है। मामले में चार्जशीट दाखिल हो जाएगी तब नवाब सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। बताया नवाब सिंह पर 16 मुकदमे दर्ज हैं। दुष्कर्म के मामले में आरोप पत्र प्रेषित होने के बाद गैंगचार्ट बनाकर डीएम और एसपी के पास भेजा जाएगा। अनुमोदन मिलते ही उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इनसेट
नीलू की भूमिका की जांच कर रही पुलिस
नवाब सिंह के छोटे भाई पूर्व ब्लाॅक प्रमुख नीलू यादव की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद पीड़िता की बुआ ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि नीलू यादव ने 10 लाख रुपये का लालच देकर किशोरी का मेडिकल परीक्षण न करवाने व कोर्ट में बयान न दिलाने के लिए कहा था। उसी के कहने पर उसने कई अन्य नेताओं के नाम लिए थे। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि जांच में यदि इस प्रकरण में नीलू यादव की संलिप्तता मिली तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
संपत्तियों को लेकर लेखपाल आज देंगे रिपोर्ट
सदर एसडीएम रामकेश सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी नवाब सिंह यादव कि संपत्तियों की जांच के लिए लेखपालों की टीम बनाई गई थी। शुक्रवार को केवल एक लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट दाखिल की है। उन्होंने नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर को शनिवार तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी भी संपत्ति में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।