कोतवाली क्षेत्र के बछज्जापुर गांव में चार महीने
पहले तालाब में डूबकर एक युवक की हुई मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर
चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बछज्जापुर गांव
निवासी अंसार अली पुत्र आसीन शाह ने गांव के ही नन्हें उर्फ तैनूर पुत्र
अमीन शाह, इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के चंदुआहार गांव निवासी हैदर अली पुत्र
हजरत अली, बछज्जापुर गांव के सिलाल पुत्र रहमान व रहमान पुत्र सुलेमान के
खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट में हवाला दिया कि गत 14 जुलाई की
दोपहर तीन बजे तैनूर व हैदर उसके भतीजे महताब (19) के घर पर आए। गांव के
निकट बने तालाब से मछली मारने की बात कहकर महताब को जबरन ले गए। इस दौरान
महताब की मां एवं चाची ने महताब को रोकने का भी प्रयास किया, पर वह नहीं
माना।
करीब दो घंटे बाद सूचना आई कि महताब की तालाब में डूबकर मौत हो गई
है। बाद में महताब के शव को कब्र में दफना दिया गया। गत 17 जुलाई को
मृतक के चाचा अंसार ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि महताब की
हत्या की गई है।
इस शिकायत के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीएम तिर्वा व
कोतवाली पुलिस ने 20 जुलाई को कब्र खुदवाकर महताब का शव निकलवा कर उसका
पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद भी पुलिस द्वारा मामला दर्ज न करने पर उसने
सीजेएम कोर्ट से गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश के बाद इन चारों के खिलाफ हत्या
का केस दर्ज किया गया है।