तिर्वा। तेरहवीं संस्कार से घर जा रहे बाइक सवार दंपती को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई।
पहले दोनों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित करके पत्नी का इलाज शुरू किया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। कानपुर में अस्पताल में पत्नी की भी सांसें थम गईं।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव निवासी रामप्रताप सिंह (54) पत्नी विमला देवी (52) के साथ बाइक से शनिवार की सुबह तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के हंसापुर गांव निवासी एक रिश्तेदारी में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गए थे। शाम को दोनों बाइक से घर आ रहे थे। तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर अगौस गांव के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायल दंपती को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां पर डॉक्टर ने रामप्रताप को मृत घोषित कर दिया।
विमला देवी की हालात गंभीर होने पर भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। हादसे की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सभी मौके पर पहुंच गए। बाद में कानपुर में अस्पताल में विमला देवी की भी सांस थम गई। थाना प्रभारी किशनपाल ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।