छिबरामऊ। नगर पालिका परिषद की ओर से हाल ही में कराए गए सर्वे के बाद गृहकर व जलकर में की गई वृद्धि को लेकर सभासदों व पूर्व सभासदों ने नाराजगी जताई। सोमवार को सभासदों ने ईओ को शिकायती पत्र सौंपकर बढ़े हुए कर वापस दिए जाने की मांग की।
नगर पालिका को दिए गए सामूहिक शिकायती पत्र में सभासदों ने आरोप लगाया कि पालिका द्वारा कराए गए नए सर्वे में गृहकर और जलकर का निर्धारण वास्तविकता से परे है। इसे मनमाने ढंग से बढ़ा दिया गया है, जिससे मध्य और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए घरों का कर चुकाना मुश्किल हो गया है। महंगाई के इस दौर में कर का यह अतिरिक्त भार जनता की कमर तोड़ रहा है। सभासदों ने कहा कि यदि बढ़े हुए कर को तत्काल कम नहीं किया गया तो नगर के लोगों के साथ सभासद विरोध प्रदर्शन के लिए विवश होंगे। इस दौरान पूर्व सभासद अग्निवेश यादव, रहीश अहमद, मीना बानो, शेर सिंह पाल के अलावा वर्तमान सभासद शशिप्रभा, पप्पी पाल, अमित, रामनारायण, हिमांक त्रिपाठी, सत्येंद्र शाक्य, सुमित, राजेश, उमाशंकर, धर्मेंद्र दुबे, मुनीसा बेगम, फरजाना बेगम व रिचा शर्मा मौजूद रहीं।
कर को लेकर सभासदों की जो गलतफहमी थी, उसे दूर कर दिया गया है। गृहकर निर्धारण अब सरकार ने अपने हाथ में ले दिया है, नगर पालिका परिषद को केवल सरकार की ओर से निर्धारित किए गए कर को वसूल करना है।
मनोज दुबे, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद छिबरामऊ