कन्नौज। जिला अस्पताल, मेडिकल कालेज समेत जिले के चार अस्पतालों के 13 बूथों पर आज कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। सरकारी अस्पतालों और नर्सिंगहोम के 1300 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगेगी। पिछली बार वैक्सीन लगवाने वालों में अब तक किसी को दिक्कत की बात सामने नहीं आई है।
जिले के चार अस्पतालों में 22 जनवरी को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वैक्सीन लगाने और इस कार्य में लगे पैरामेडिकल स्टाफ को पूरी जानकारी दी जा चुकी है। डॉक्टरों को भी इस बारे में सजग किया गया है। लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।
16 जनवरी को इन्हीं चार अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन लगाई गई थी। तब 500 पैरामेडिकल स्टाफ को कोरोना वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था। 372 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई थी। दूसरे सत्र में 1300 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया गया है। इनमें सरकारी अस्पतालों के साथ ही नर्सिंग होम के पैरामेडिकल स्टाफ को भी शामिल किया गया है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि इस सत्र में वह लोग भी रहेंगे, जिन्हें पहली सूची में शामिल किया गया था। यह किसी कारण वैक्सीन लगवाने बूथ पर नहीं पहुंच सके थे। इस सत्र में बूथों की संख्या अधिक करने के अलावा वैक्सीन लगने की संख्या भी बढ़ाई गई है।
इन अस्पतालों में लगेगी कोरोना वैक्सीन
- जिला अस्पताल के पुरुष व महिला विंग में दो बूथों पर 200 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगाई जाएगी।
- सीएचसी तिर्वा के तीन बूथों पर 300 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगेगी।
- सीएचसी छिबरामऊ के तीन बूथों पर 300 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।
- मेडिकल कालेज के पांच बूथों पर 500 पैरामेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगाने का इंतजाम है।
मोबाइल पर भेजा गया वैक्सीनेशन का संदेश
कोरोना वैक्सीन किसे, कहां और किस तारीख को लगेगी, इसका संदेश पैरामेडिकल स्टाफ के मोबाइल पर भेजा गया है। विभाग का मानना है कि संदेश जाने के बाद हर पैरामेडिकल स्टाफ को जानकारी रहेगी कि उसे वैक्सीन लगवानी है। वहीं सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि पिछली बार पांच सौ में केवल 372 लोगों को वैक्सीन लग पाई थी। सूची में नाम होने के बाद भी छूटे लोग इस बार वैक्सीन लगवा सकते हैं। इन्हें सूची के आधार पर इस अभियान में शामिल कर लिया जाएगा।
28 और 29 को होगा अगला चरण
कोरोना वैक्सीनेशन का अगला चरण 28 व 29 जनवरी को होगा। इस चरण में कुछ नए अस्पतालों में भी बूथ बनाया जाएगा। सौ शय्या अस्पताल छिबरामऊ को भी शामिल किया जाएगा। यहां के पैरामेडिकल स्टाफ को अभी सीएचसी छिबरामऊ पहुंच कर वैक्सीन लगवानी होगी।
मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल की वैक्सीन सुरक्षित
मेडिकल कालेज व जिला अस्पताल में कोल्ड चेन न होने पर इन अस्पतालों की वैक्सीन को जिला स्टोरेज से निकाल कर सुरक्षित कर दिया गया है। मेडिकल कालेज की वैक्सीन पुलिस सुरक्षा में सीएचसी तिर्वा में रखवाई गई है। इसी तरह जिला अस्पताल की वैक्सीन को सीएचसी विनोद दीक्षित में रखवाया गया है। इन अस्पतालों की वैक्सीन शुक्रवार सुबह पुलिस सुरक्षा के बीच सीएचसी के कोल्ड चेन से सीधे अस्पतालों में पहुंचाई जाएगी।