जिला अस्पताल में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड की जांच करता लैव टेक्नीशियन। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना महामारी के बीच जिले में डेंगू और मलेरिया ने भी तेजी से पैर पसार लिया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में ही मच्छरजनित बीमारियों की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आम लोगों में दहशत है। सरकारी अस्पतालों से लेकर नर्सिंग होमों में जांच कराने के लिए मरीजों की भीड़ जुट रही है। जिले के 15 गांवों में मच्छरजनित बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं। इन गांवों में अभी तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान की टीमें नहीं पहुंची। फिलहाल जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान फुस्स नजर आ रहा है।
जिला अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार इस साल बीते दो दिन में नौ मरीजों में डेंगू के रोगी मिले हैं। 25 लोग मलेरिया और 90 लोग टायफाइड की चपेट में हैं। जिला अस्पताल में इनका उपचार हो रहा है। रोजाना बढ़ रही डेंगू और मलेरिया की मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य अधिकारियों ने चिंता जाहिर की है। मौजूदा समय सदर ब्लॉक के गंगधरापुर, सहिल्यापुर, जलालाबाद ब्लॉक के जसोदा, तालग्राम ब्लॉक के सराय प्रयाग, सराय दौलत, रौतामई और विशुनगढ़ में संक्रामक बीमारियां फैली हुई है। जसोदा में भाजपा नेता बलभद्र कुशवाहा और गंगधरापुर में चालक रामजी दुबे की मौत हो चुकी है। परिजन दोनों मौत डेंगू से मान रहे हैं हालांकि प्रशासन केवल अपनी जांच में ही डेंगू की पुष्टि को पोर्टल पर डेंगू मानता है। गंगधरापुर में निवासी उत्तम और राजा ने बताया कि गांव में अभी तक संचारी रोग नियंत्रण टीम नहीं पहुंची है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जहां-जहां से संक्रामक बीमारियों के फैलने की सूचना मिल रही है वहां टीम को भेजकर उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए संचारी रोग नियंत्रण टीमें भी भ्रमण कर रही है।
पंफलेट और पोस्टर बांट रही संचारी रोग टीम
कोरोना वायरस के साथ-साथ संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शासन के निर्देश पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. केसी राय ने बताया कि शासन संचारी रोग की रोकथाम के लिए पोस्टर, पंफलेट और पर्चे आए हैं। आशा और एएनएम गांव-गांव जाकर पर्चे, पोस्टर और पंफलेट बांटने के साथ लोगों को जागरूक कर रही है। अभी शासन से बजट नहीं आया है।