तिर्वा (कन्नौज)। मेडिकल कालेज में जल्द ही कोरोना मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी मिलने लगेगी। कालेज प्रशासन ने एफेरेसिस मशीन के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। मशीन इसी महीने आने का दावा किया जा रहा है। मशीन आने तक जरूरतमंद मरीजों को कानपुर में प्लाज्मा सुविधा प्रदान की जाएगी।
प्राचार्य डा.नवनीत कुमार ने बताया कि संक्रमण से ठीक हुए मरीज का प्लाज्मा कोरोना मरीजों को चढ़ाया जाता है। अभी तक जहां भी प्लाज्मा थेरेपी से इलाज हुआ है वहां मरीजों को अच्छा लाभ मिला है। मरीजों की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार ने गंभीर कोरोना मरीजों का प्लाज्मा थेरेपी से इलाज करने के लिए सभी मेडिकल कालेज को निर्देश दिए हैं। पुराने मेडिकल कालेज में तो प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा है लेकिन जो नए मेडिकल कालेजों में अभी सुविधा नही है।
कन्नौज मेडिकल कॉलेज में भी सुविधा नहीं है। शासन से मशीन मंगवाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। पचास लाख की कीमत वाली मशीन इसी महीने के अंतिम सप्ताह तक आ जाएगी। जब तक मशीन नही आ रही तब तक कानपुर हैलट से मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा प्रदान करवाई जाएगी।