तालग्राम/कन्नौज। कोरोना से गुरुग्राम की निजी कंपनी में तैनात इंजीनियर की सोमवार सुबह कानपुर के अस्पताल में मौत हो गई। उनके तीन रिश्तेदार भी संक्रमित हैं। मां के संपर्क में रही तीन माह की एक बच्ची और शहर के बड़े इत्र कारोबारी व सपा नेता की 45 वर्षीय पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना से जिले में ये चौथी मौत है और मरीजों का आंकड़ा 443 पहुंच गया है। 317 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 123 को कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 48 घंटे में 60 लोग पॉजिटिव निकले हैं।
निकवा गांव निवासी रनवीर यादव (55) इंजीनियर गुरुग्राम में बाइक और कार बनाने वाली कंपनी में तैनात थे। 12 जुलाई को वह वहां से घर लौटे थे। कोरोना जैसे लक्षण होने पर एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया, हालत में सुधार न होने पर परिवार के लोग 15 जुलाई को कानपुर हैलट अस्पताल गए। वहां कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सोमवार सुबह आठ बजे इलाज के दौरान इंजीनियर की मौत हो गई। इंजीनियर के तीन रिश्तेदार भी संक्रमित निकले हैं। उनका गौतमबुद्ध पैरामेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार दोपहर एसडीएम गौरव शुक्ला ने गांव जाकर प्रधान, लेखपाल, सचिव के साथ गांव को सैनेटाइज कर सील करा दिया।
ट्रूनेट से हुई जांच में जलालाबाद की तीन माह की बच्ची भी पॉजिटिव निकली। छह दिन पूर्व बच्ची की 24 वर्षीय मां भी पॉजिटिव निकली थी। सीएमओ डा. के स्वरूप ने बताया कि अभी तक 15,133 सैंपल भेजे जा चुके हैं, इसमें 14,473 की रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें 443 संक्रमित मिले हैं। 47 हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। संक्रमितों में 195 प्रवासी हैं।
15 ने जीती कोरोना से जंग
कन्नौज/तिर्वा। 15 कोरोना मरीज सोमवार को स्वस्थ हो गए। उन्हें घर में पांच दिनों तक एकांतवास रहने की सलाह देकर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इसमें छह मरीज राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती थे। कालेज कर्मचारियों ने ताली बजाकर स्वस्थ्य हुए मरीजों को विदाई दी। सीएमएस डा.दिलीप सिंह ने बताया कि कालेज में 30 मरीजों का इलाज चल रहा है। संवाद
निजी चिकित्सक की दुकान में ताला
तालग्राम। निजी चिकित्सक ने इंजीनियर का 12-13 जुलाई को इलाज किया था। इंजीनियर पहले से ही सांस के मरीज थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मिलते ही निजी चिकित्सक दुकान बंद कर लापता हो गए। लोगों का कहना है कि वे किसी स्थान पर क्वारंटीन हैं।
उल्लंघन में दो दुकानदारों पर मुकदमा
गुरसहायगंज। एक साइड दुकान खोलने के नियम का उल्लंघन कर दुकान खोलने वाले दो दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कस्बे में एक साइड दुकान खोलने की व्यवस्था है। सोमवार को इसका उल्लंघन कर तिर्वा रोड पर सरवर क्लाथ स्टोर के मालिक अरबाज दुकान खोल कर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। गुलजार फैशन सेंटर भी खुला मिला। कस्बा चौकी प्रभारी प्रेम सिंह राजपूत ने अरबाज और गुुलजार फैशन के तबरेज के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। संवाद