कन्नौज। जिले में कोरोना मरीज मिलने का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को रिकार्ड 21 मरीज सामने आए। इसमें तीन की जांच दिन में ट्रूूनेट मशीन से की गई और 18 की रिपोर्ट देर शाम आई। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 403 हो गया है। इसमें तीन की मौत हो चुकी है और 288 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। 112 संक्रमितों का कोविड 19 अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मेडिकल कालेज तिर्वा में ट्रूनेट मशीन से हुई कोरोना जांच में सीहपुर सदर कोतवाली निवासी 30 वर्षीय युवक और कालराम उमर्दा निवासी 26 वर्षीय व्यक्ति रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शहर के हर्ष नगर सरायमीरा निवासी 78 वर्षीय वृद्ध कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने गए थे। जहां ट्रूनेट मशीन से हुई जांच में वह पॉजिटिव पाए गए हैं।
सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि तीनों संक्रमितों को कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। कोरोना के नोडल अधिकारी डा. केसी राय ने बताया कि लोग सामाजिक दूरी और मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इससे कोरोना के जिले में मामले बढ़ रहे है। खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण मिलते ही लोग नजदीक के सरकारी अस्पताल से जाकर चिकित्सकों से परामर्श करें।
सात मरीजों ने कोरोना को हराया
कन्नौज। सात मरीजों ने कोरोना को मात दी है। गौतम बुद्ध पैरामेडिकल कालेज एंड हास्पिटल कनपटियापुर में भर्ती सात मरीजों ने शनिवार को कोरोना को मात दी। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ताली बजाकर सातों मरीजों को घर के लिए विदा किया और उन्हें करीब 15 दिन तक घर में ही क्वारंटीन रहने की सलाह दी।
महिला कर्मचारी की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
कन्नौज। जिला अस्पताल में मरीजों का पंजीकरण करने वाली 26 वर्षीय महिला कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लक्षण मिलने पर महिला ने जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में ट्रूनेट मशीन से जांच कराई। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद महिला स्वास्थ्य कर्मचारी को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अन्य रोग वाला संक्रमित मेडिकल कालेज में होगा भर्ती
कन्नौज। कोरोना संक्रमित व्यक्ति को अगर किसी अन्य बीमारी की पुष्टि होती है, तो उसे मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती किया जाएगा। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि गंभीर कोरोना संक्रमित को कनपटियापुर के कोविड-19 अस्पताल में नहीं भर्ती किया जाएगा। उसे राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा, कानपुर या लखनऊ रेफर किया जाएगा। जिससे उसका बेहतर उपचार हो सके। संवाद
कोविड-19 अस्पताल में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
कन्नौज। गौतमबुद्ध पैरामेडिकल कालेज कनपटियापुर में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीजों की देखरेख करने के लिए अब हर वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। कालेज परिसर में लगे अन्य कैमरे यहां से हटाकर उन सभी वार्ड में लगेंगे जहां संक्रमित मरीजों को रखा जा रहा है। इन कैमरों के लग जाने से स्वास्थ्य विभाग की टीम इन संक्रमित मरीजों पर नजर रख सकेगी। एसीएमओ डा. राम मोहन तिवारी ने बताया कि मेडिकल कालेज के कोविड-19 वार्ड में कैमरे लगवाने के लिए सीएमएस डा. दिलीप सिंह से बात की जाएगी। यहां पर भी कई ऐसे स्थानों पर कैमरे लगे हैं जिनका उपयोग नहीं है। यह कैमरे कोविड वार्ड में लगाएं जाएंगे।