कन्नौज। विकास भवन के प्रथम तल में बैठने वाले एक अधिकारी, कलक्ट्रेट के चकबंदी कार्यालय की महिला बाबू और पीडब्लयूडी के चतुर्थश्रेणी कर्मचारी (चपरासी)समेत 14 लोग बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिले। प्रथम तल को खाली कराकर सैनिटाइज कराने के साथ गुरुवार सुबह 10 बजे तक आने जाने पर रोक भी लगा दी गई है। नए मरीजों के साथ कोरोना मरीजों की संख्या 290 पहुंच गई है, इसमें एक की मौत हो चुकी है और 135 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 54 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। संक्रमितों में 189 प्रवासी हैं।
कोरोना पॉजिटिव निकले अधिकारी (49) का कार्यालय विकास भवन में हैं। अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पूरे भवन को खाली कराकर सैनिटाइजेशन कराया गया। विकास भवन के प्रथम तल के पांच विभागों में गुरुवार सुबह दस बजे तक आने जाने पर रोक भी लगा दी गई। इसके अलावा कलक्ट्रेट में चकबंदी कार्यालय में तैनात 40 वर्षीय महिला लिपिक और पीडब्ल्यूडी नसरापुर में तैनात 50 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी पॉजिटिव निकले हैं। इसके अलावा छिबरामऊ आवास विकास कॉलोनी में 26 वर्षीय युवती के पांच और तीन वर्षीय भाई भी संक्रमित निकले। तीनों प्रवासी पिता के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
दिल्ली के जगतपुर्वा इंदरगढ़ लौटी 18 वर्षीय युवती, तिर्वागंज निवासी महिला (35), वृद्धा (61) और लखनऊ से लौटै शहर के हरिनगर निवासी (27) युवक भी पॉजिटिव निकले हैं। अलमापुर सिकरोरी तिर्वा में युवक (35) की रिपोर्ट लखनऊ की निजी लैब और नगला तेज सराय सौरिख की युवती (35) की निजी पैथोलॉजी से रिपोर्ट आई हैं। युवती प्रवासी है। छिबरामऊ के रतनपुर निवासी युवक (36) भी पॉजिटिव आया है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि सभी संक्रमितों कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।