छिबरामऊ (कन्नौज)। विशुनगढ़ रोड स्थित बरगदिया के पास रखे ट्रांसफार्मर से दूसरे मोहल्ले के कनेक्शन जोड़ने को लेकर लोग भड़क गए। इनका आक्रोश देख बिजलीकर्मी ट्रांसफार्मर के जंफर खुले छोड़कर चले गए। बिजली न आने से गंगेश्वरनाथ मंदिर के आसपास के इलाके के युवकों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
नगर के गंगेश्वरनाथ मंदिर नई बस्ती निवासी लालू यादव ने बताया कि पिछले तीन दिन से सोसाइटी के पास रखा ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहा है। शिकायत पर पहुंचे जेई और लाइनमैन ने समस्या का समाधान करने की बजाय ट्रांसफार्मर से जंफर खुलवा दिए। इससे करीब 400 घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली न मिलने से लोग गर्मी व पानी की समस्या से परेशान हो गए। देर शाम मोहल्ले के युवकों का आक्रोश फूट गया। इन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर हरीशंकर प्रजापति, अशोक, हर्षदीप, देवेंद्र, वीरेंद्र, नईम, मोहम्मद जीशान, संतोष कुमार निरंकारी, अशोक, सौरभ जीशू, केशव, सिंटू ओझा व राजीव सहित कई युवक मौजूद रहे।
इस संबंध में जेई अजय अवस्थी ने बताया कि विशुनगढ़ तिराहे पर रखे 630 केवीए ट्रांसफार्मर का लोड कम करने के लिए कटरा के कुछ कनेक्शन 220 केवीए के इस ट्रांसफार्मर से जोड़े जा रहे थे। मोहल्ले के लोगों के विरोध के चलते कनेक्शन नहीं जुड़वाए जा सके। लाइनमैन को भेजकर व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।