पीड़ितों की शिकायतों पर पुलिस चंद मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचे, इसके लिए अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का निर्माण पुलिस लाइन में शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को निर्माण कार्य का जायजा लेकर दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने निर्माणाधीन कंट्रोल रूम पहुंचकर काम कर रहे लोगों से जानकारी ली। इस दौरान फर्नीचर व दरवाजे मजबूत लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम तक पहुंचने के लिए सीमेंटेड ईंट बिछाने के निर्देश आरआई को दिए।
मार्ग के दोनों तरफ फूलदार वृक्ष लगाने को कहा। एसपी ने बताया कि एक महीने में कंट्रोल रूम स्थापित हो जाएगा। इसके बाद किसी भी पीड़ित की मोबाइल पर शिकायत आती है तो स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचेगा।
साथ ही जीपीआरएस सिस्टम भी शुरू कर दिया जाएगा। इससे अधिकारी की लोकेशन आनी शुरू हो जाएगी। यदि अधिकारी लापरवाही बरतता है तो वह भी सिस्टम से पता चल जाएगा।
उन्होंने काम करने वाली संस्था से कहा कि वायरिंग की गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखें। टायल आदि लगाने का कातेज तेज गति से करें, जिससे एक महीने में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम काम करना शुरू कर दे। कंट्रोल रूम के बाहर अत्याधुनिक सिस्टम से लैस वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग बनाने के भी निर्देश दिए।
सिस्टम को हाइवे मोबाइल, चीता मोबाइल, थाना कोतवाली प्रभारी व अधिकारियों के वाहनों में स्थापित करने का काम भी शुरू हो जाएगा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष शाक्य के अलावा आरआई लाइन भी मौजूद रहे।