कन्नौज। कलक्ट्रेट में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर शुरू हो गया है। सेंटर के जरिए जनता से जुड़ी हर तरह की समस्याएं सुनी जाएंगी। यूपी डायल 112 की तर्ज पर संचालित होने वाले कंट्रोल सेंटर में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे।
शुक्रवार को एडीएम आशीष सिंह ने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का नोडल अधिकारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अविनाश गौतम को बनाया गया है। कमांड सेंटर में अभी गोशाला प्रकोष्ठ को चालू किया गया है और दो कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। एडीएम ने बताया कि शिकायत के लिए दो आपात नंबर 7080368123 और 8429393123 जारी किए गए हैं। इसके अलावा गोवंश प्रकोष्ठ पोर्टल एप भी शुरू हो गया है। जिसमें निराश्रित गोवंश के बारे में समस्याएं रखी जा सकती हैं। उनको पकड़वा कर संबंधित क्षेत्र की गोशाला में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कहा कि कंट्रोल सेंटर में कानून व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी सुनी जाएंगी। यह सुविधा समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की पहल पर शुरू की गई है। इस कंट्रोल सेंटर से प्राकृतिक आपदा, परीक्षा व्यवस्था, किसी दुर्घटना की स्थिति में एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों से संपर्क कर समस्या का समाधान मिलेगा। सेंटर में आने वाली समस्याओं/ शिकायतों के निस्तारण की मॉनिटरिंग प्रतिदिन की जाएगी।