कन्नौज। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) में बेहतर योगदान के लिए कन्नौज जिले को कानपुर मंडल में तीसरा स्थान मिला है। यह रैंकिंग माह जनवरी से मई के बीच हुए टीबी नोटिफिकेशन समेत नौ बिंदुओं पर मूल्यांकन के बाद मिली है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. केपी त्रिपाठी ने बताया कि जिले को मिली यह उपलब्धि विभाग और स्टाफ का मनोबल बढ़ाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि मंडल में कन्नौज जनपद कुल 81.4 स्कोर पाकर तीसरे स्थान पर है। कानपुर देहात 83.8 स्कोर के साथ पहले व कानपुर नगर 78.4 अंक के साथ छठवें नंबर पर रहा। उन्होंने बताया की टीबी स्कोरिंग नौ बिंदुओं में प्रदर्शन के आधार पर की जाती है। इन बिंदुओं में टीबी नोटिफिकेशन, सीबीनॉट जांच, उपचार सुरक्षा दर, निक्षय पोषण योजना के तहत भुगतान, ड्रग रेसिस्टेंट टीबी उपचार, खर्चे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रिटमेंट और एचआईवी मरीजों के लिए टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट शामिल हैं। उन्होंने जिले के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने और टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में सामुदायिक सहयोग की भूमिका को अहम बताया।