समधन। ईओ ने विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। कहा कि मानक के अनुरूप कार्य न होने पर ठेकेदार का भुगतान रोकते हुए कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने सोमवार को मोहल्ला अशफाकउल्ला नगर में निर्माणाधीन नाले के कार्य का औचक निरीक्षण किया। ईओ ने निर्माण कार्य में मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। ठेकेदार को चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा घटिया सामग्री का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार अपनी मनमानी छोड़कर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कार्य मानक के अनुरूप नहीं पाया गया तो संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना जांच और गुणवत्ता परखे किसी भी निर्माण कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर में जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिया। इस अवसर पर लिपिक राजेश वर्मा, दीपक श्रीवास्तव, आलोक कुमार, हनीफ अहमद, आनंद कुमार, अताउल्लाह, रफी अहमद, सफाई नायक नरेश कुमार व सुनील कुमार मौजूद रहे।