छिबरामऊ। पूर्वी बाईपास के पास शुक्रवार की रात गड्ढे में टायर जाने से कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक की कंटेनर के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
सौरिख क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर गांव निवासी श्यामजी (45) ट्रक चालक थे। परिजन के बताया कि श्यामजी कंटेनर से हरिद्वार से लखनऊ पतंजलि का सामान लेकर जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे वह छिबरामऊ के पूर्वी बाईपास के भगवंतपुर भड़ियाइन के सामने कंटेनर का टायर सड़क के गड्ढे में चला गया और अनियंत्रित होकर कंटेनर पलट गया और श्यामजी नीचे दब गए । हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि परिजन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
श्यामजी के परिवार में पत्नी श्रीदेवी, बेटे कौशल और अक्षय तथा बेटी डोली हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।