बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को
उठाना पड़ता है। जहानगंज रोड पर आबाद इंदिरा आवास कालोनी के बाशिंदे इस समय
काफी सशंकित हैं। कालोनी में बिजली कनेक्शन होने के बाद से अभी तक उन्हें
बिल नहीं मिले हैं। उन्हें आशंका हैं कि विभाग एक मुश्त इकट्ठा बिल भेज
देगा। ऐसे में उसका अदा कर पाना मुश्किल होगा।
नगर के जीटी रोड हाईवे
पर बसी कांशीराम कालोनी में बिजली विभाग ने कनेक्शन किए थे। इसके बाद वहां
मीटर भी विभाग द्वारा लगाए गए, पर लंबे इंतजार के बाद जब उपभोक्ताओं को
बिजली बिल प्राप्त हुए तो उन्हें देखकर उनके होश उड़ गए थे। ज्यादातर बिल
20 हजार रुपये से अधिक के थे।
बिल की धनराशि देख कालोनी के बाशिंदों ने
विभागीय अफसरों के चक्कर काटने शुरू किए। जब कोई नतीजा नहीं मिला, तब
उन्होंने बिल जमा न करना ही मुनासिब समझा। वर्तमान में एक भी उपभोक्ता ने
बिल जमा नहीं किया है। कांशीराम कालोनी की यह हालत देख जहानगंज रोड पर
स्थित इंदिरा आवास कालोनी के बाशिंदे भी परेशान हैं।
कालोनी के सर्वेश
तिवारी, रघुनंदन, रवी, मनोज, बाहिद, राकेश, कल्लू, घनश्याम आदि लोगों का
कहना है कि लगभग एक वर्ष पहले फरवरी माह में विभाग ने कालोनी में बिजली
कनेक्शन किए थे। उसके बाद मीटर भी लगाए गए थे, पर अभी तक विभाग द्वारा
बिजली बिल नहीं भेजे गए हैं।
यदि विभाग ने इकट्ठा बिल भेज दिया तो वह लोग
इस स्थिति में नहीं कि उसका भुगतान कर सकें। उपभोक्ताओं ने विभागीय
अधिकारियों से समय पर बिजली बिल भेजने की मांग की है। उधर, आर ब्लाक के
अन्नू का कहना है कि कई महीने पहले कनेक्शन कराया था, पर अभी तक बिल नहीं
आए, जबकि वह कई बार इस संबंध में विभाग के चक्कर काट चुके हैं।
पी ब्लाक
में रह रहे सलीम का कहना है कि अभी बिल नहीं भेजे, यदि इकट्ठा बिल भेज दिया
तो वह कैसे उसे अदा कर पाएंगे। क्यू ब्लाक में रह रही सुशीला का कहना
है कि विभागीय अधिकारी किसी भी समस्या को सुनने को राजी नहीं हैं। कनेक्शन
के बाद अभी तक बिल भी नहीं आया और इकट्ठा बिल आने पर उसे अदा करना मुश्किल
होगा।
कालोनी के क्यू ब्लाक में रह रहे समीम का कहना है कि विभाग अभी बिल
भेज नहीं रहा है और इकट्ठा यदि भेजेगा भी तो उसका भुगतान कैसे किया जाएगा।
वह लोग रोज कमाने-खाने वाले हैं।