छिबरामऊ। डिलीवरी के बाद गर्भवती की हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए परिजन कानपुर ले गए, जहां मौत हो गई। मौत से नाराज परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शव को अस्पताल के गेट पर लाकर रख दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम कुंवरपुर करनौली निवासी दीपू ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसने पत्नी पूनम को पीपल वाली गली स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने गलत ऑपरेशन किया। बच्चे के जन्म के बाद पत्नी की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। नाजुक हालत में मंगलवार को कानपुर ले गए, यहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
दीपू की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के अज्ञात चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस संबंध में अस्पताल संचालक ने बताया कि अस्पताल प्रशासन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। महिला को 13 अप्रैल को भर्ती कर 17 को डिस्चार्ज कर दिया गया था। उस समय जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। अस्पताल प्रशासन की ओर से महिला के इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई। महिला की मौत कानपुर में हुई है।