कन्नौज। भारत संचार निगम लिमिटेड की भारत नेट योजना के तीसरे चरण में जिले के आठों ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में आप्टिकल फाइबर केबल पहुंचाई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की सुविधा लोगों को मिलेगी। केबल लाइन बिछाने के लिए सर्वे का काम शुरू हो चुका है। पहले चरण में पांच अन्य ब्लाकों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है।
ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को आय, जाति, निवास व खतौनी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए पहले तहसील या ब्लाक तक आना पड़ता था पर अब ग्राम पंचायतों में इसकी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए दूरसंचार विभाग ने 499 ग्राम पंचायतों तक ओएफसी पहुंचाने की तैयारी की है। योजना के तीसरे चरण में जलालाबाद, जसोदा, जलालपुर, बैसावारी, कुसुमखोर, गुगरापुर सहित कई गावों में लाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। ग्राम पंचायतों के स्कूल, आंगनबाड़ी, सीएचसी, पीएचसी समेत जितने भी सरकारी कार्यालय हैं वहां इंटरनेट कनेक्शन दिया जाएगा। भुगतान प्रदेश सरकार करेगी।
अपर जिला दूर संचार अधिकारी प्रबुद्ध सिन्हा ने बताया कि सरकारी संस्थानों में हाईस्पीड इंटरनेट से ग्रामीणों के कार्य तेजी से होंगे। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल द्वारा आप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी है। 50 से अधिक जगहों पर इंटरनेट कनेक्शन दे दिया गया है। अन्य सरकारी कार्यालयों पर कार्रवाई चल रही है। योजना के दूसरे चरण में कोई काम जिले में नहीं हुआ था।