कन्नौज। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शहर से लेकर गांवों तक साफ-सफाई और कीटनाशकों के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका, नगर पंचायत और पंचायत विभाग को साफ-सफाई का दायित्व सौंपा गया लेकिन अभियान के तीन सप्ताह बीतने के बाद भी गांवों में दवाओं का छिड़काव तो दूर सफाई तक नहीं हो रही है। जलभराव और गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। इस कारण लोग बीमार होकर सरकारी और निजी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इससे साफ जाहिर है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान केवल कागजों तक ही सीमित है।
-
दृश्य एक :
फोटो :06: मोहल्ला अकबरपुर सरायघाघ में जलभराव में पनप रहे मच्छर। संवाद
नहीं दूर हो रहा जलभराव, पनप रहे मच्छर
शहर के तिर्वा क्रॉसिंग से गैस गोदाम जाने वाले मार्ग पर मोहल्ला अकबरपुर सरायघाघ में पिछले तीन माह से जलभराव की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। पालिका के प्रयास के बाद भी जलभराव दूर नहीं हो रहा है और मच्छर पनप रहे हैं। इससे मोहल्ले के सुरेंद्र त्रिपाठी, पुष्पा पाठक, नरेंद्र कुमार को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
दृश्य दो :
फोटो :07: चचियापुर स्कूल मार्ग पर कीचड़। संवाद
कागजों में अभियान, गांव में गंदगी का अंबार
तालग्राम ब्लॉक के नैपालपुर पंचायत के चचियापुर गांव में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय जाने वाले मार्ग पर नालियों के अभाव में बरसात में मार्ग पर कीचड़ व जलभराव है। इसकी वजह से बच्चों को कीचड़ से निकलना पड़ता है। गांव के अशोक कुमार, रामसिंह का कहना है कि शिकायत के बाद भी संचारी रोग नियंत्रण अभियान में गंदगी की समस्या की ओर सचिव और प्रधान ध्यान नहीं दे रहे हैं।
दृश्य तीन :
फोटो :08: सिकंदरपुर के भगत सिंह नगर में मुख्य मार्ग पर पड़ा कूड़ा।
मुख्य मार्ग पर पड़ा कूड़ा
सिकंदरपुर नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की कमी नहीं है और यहां रोजाना कूड़ा उठना चाहिए लेकिन सफाई कर्मियों की लापरवाही के चलते रोजाना कूड़ा नहीं उठ रहा है। कूड़े से आने वाली दुर्गंध से मोहल्ले के लोगों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
दृश्य चार :
फोटो :09: इंदरगढ़ के पटेल नगर चौराहा पर जलभराव। संवाद
जलभराव की समस्या नहीं हो रही दूर
इंदरगढ़ के पटेल नगर चौराहा पर गर्मी हो या फिर बरसात जलभराव की समस्या आम हो गई है। जलभराव में पनपने वाले मच्छर दुकानदारों के साथ ही ग्राहकों को भी बीमारी दे रहे हैं। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जिम्मेदार दिशा निर्देश तो जरूर देते हैं, लेकिन कर्मियों की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।
वर्जन
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां पर साफ-सफाई नहीं हो रही है। वहां के जिम्मेदारों को निर्देशित किया जाएगा।
-उदय प्रताप सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी