फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: 4955 रुपये में काॅमर्शियल सिलिंडर, शादी वाले परिवारों पर बढ़ा बोझ

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। शादी समारोहों की रसोई के लिए गैस सिलिंडर लेना महंगा साबित हो रहा है। सरकारी व्यवस्था के तहत एक व्यावसायिक सिलिंडर के लिए उपभोक्ता को पांच हजार रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। ऐसे में अगर किसी को आठ व्यावसायिक सिलिंडर चाहिए तो 40 हजार रुपये चुकाने पड़ेंगे। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
विज्ञापन


वैवाहिक समारोहों का दौर शुरू होते ही लोगों ने 500 से 1000 मेहमानों के लिए गेस्ट हाउस बुक करा लिए हैं। भोजन व्यवस्था के लिए हलवाई 10 से अधिक रसोई गैस सिलिंडर की मांग कर रहे हैं। पहले लोग आपसी सहयोग से 936 रुपये में घरेलू सिलिंडर लेकर काम चला लेते थे पर अब दोगुने से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए 2,150 रुपये और 2,400 रुपये सिक्योरिटी के रूप में जमा कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा 400 रुपये कागजी औपचारिकताओं में खर्च हो जाते हैं। इस प्रकार एक कामर्शियल सिलिंडर पांच हजार रुपये का पड़ रहा है, हालांकि, सिक्योरिटी के रूप में ली जाने वाली 2400 रुपये की धनराशि सिलिंडर लौटाने पर वापस दे दी जाएगी। एक सिलिंडर के लिए पांच हजार रुपये जमा करना आम उपभोक्ताओं के लिए महंगा सौदा साबित हो रहा है। इसके बाद भी अफसरों के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। एडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन

जमा कराई जा रही सिलिंडर की कीमत
गैस एजेंसी संचालक आलोक वर्मा ने बताया कि जिले में हर एजेंसी में कॉमर्शियल सिलिंडर के अलग रेट हैं। हालांकि, इनमें ज्यादा अंतर नहीं है। शादी या आयोजनों के लिए पूर्ति विभाग या एसडीएम की अनुमति के आधार पर उपभोक्ता से सिलिंडर की कीमत समेत गैस के रुपये जमा कराए जा रहे हैं। खाली सिलिंडर वापस करने पर सिक्योरिटी वापस कर दी जाएगी। सिलिंडर की कीमत 2400 रुपये तो गैस 2154.50 रुपये की मिल रही है। इस तरह दोनों मिलाकर एक सिलिंडर की कीमत 4955 रुपये बन रही है।
घरेलू सिलिंडरों पर कम हुआ बोझ
गैस एजेंसी संचालक अनुराग द्विवेदी ने बताया कि पहले लोग शादी विवाह या अन्य कार्यक्रमों में घरेलू सिलिंडरों का ही उपयोग करते थे। अब कॉमर्शियल सिलिंडरों की खपत बढ़ गई है। पहले कॉमर्शियल सिलिंडर कंपनी भेजती थी, जिसे लोग लेने ही नहीं आते थे। अब सरकारी आदेश के बाद खपत बढ़ी है। उसी आधार पर डिमांड कंपनी को भी भेजी जा रही है। सिक्योरिटी जमा कराने का आदेश भी प्रशासन का है, इसलिए उपभोक्ता से पूरी कीमत जमा कराई जा रही है।
एजेंसियों पर पर्याप्त सिलिंडर नहीं

उपभोक्ता राकेशचंद्र दुबे, विवेक कुमार का कहना है कि अधिकारी शादी का कार्ड देखकर सिलिंडर प्रदान करने की अनुमति दे रहे हैं, लेकिन एजेंसियों पर पर्याप्त सिलिंडर न होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार चक्कर काटने के बाद भी सिलिंडर समय से नहीं मिल पा रहे हैं। इससे पारिवारिक आयोजनों में बाधा उत्पन्न हो रही है।


केस-एक

शिवाजी नगर निवासी सर्वेश दुबे ने बताया कि बेटी की शादी है। 600 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। व्यावसायिक सिलिंडर की महंगाई के कारण दिक्कत हो रही है। आठ सिलिंडर लेने के लिए 36,120 रुपये जमा करने पड़े। इनमें 19,200 सिक्यूरिटी राशि शामिल है, जो सिलिंडर वापस करने पर लौटा दी जाएगी। अभी वैसे भी खर्चा अधिक है, उसमें सिलिंडर की सुरक्षा राशि जमा करना मुश्किल हो जाता है। किसी तरह व्यवस्था कर सिलिंडर ले लिए हैं, लेकिन काफी परेशानी हुई।
-
केस-दो

कस्बा जलालाबाद निवासी राजेंद्र कटियार की बहन की शादी 22 अप्रैल को है। हलवाई ने 800 लोगाें का भोजन बनाने के लिए 10 व्यावसायिक सिलिंडर की मांग की है। काफी भाग दौड़ कर अधिकारियों से अनुमति प्राप्त कर ली है। अब एजेंसी पर चक्कर काट रहे हैं। एजेंसी वाले कल, परसों कहकर टरका रहे हैं, इससे काफी चिंता हो रही है।

वर्जन
सरकार द्वारा वैवाहिक आदि निजी कार्यक्रमों के लिए व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यालय में प्रतिदिन 40 से 45 डिमांड आ रही हैं। इसके अलावा उपजिलाधिकारी कार्यालय में भी डिमांड संबंधी प्रार्थना पत्र आ रहे हैं। यथासंभव सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसी उपभोक्ता को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन

-राजीव मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें