सौरिख। रंजिश को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल आए। एक पक्ष ने ट्रैक्टर से बाइक कुचलने और खुरपे से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया। तो दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भदौरियनपुरवा निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अक्तूबर की शाम साढ़े छह बजे वह खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही शैलेश, वीरेश सिंह, भोला, अभिषेक और अभय उसके दरवाजे पर पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके दरवाजे पर खड़ी प्लेटिना बाइक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की और सिर पर खुरपे से वार कर उसे घायल कर दिया।
शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के वीरेश सिंह ने पुलिस को बताया कि नौ अक्तूबर की शाम सात बजे वह अपने दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव का नारायण वहां आकर गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर वह राधेश्याम, धर्मराज और सुषमा देवी को बुला लाया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह जान बचाकर घर के अंदर भागा तो आरोपी घर में घुस आए और मारपीट की। ग्रामीणों के ललकारने पर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।