कन्नौज। सोमवार से जिले के सभी ब्लाकों में तीन दिन के लिए पीएम किसान समाधान दिवस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कृषि बीज भंडार प्रभारी व कंप्यूटर आपरेटर की ड्यूटी लगा दी गई है। वह किसानों की समस्याएं सुनकर उनकी समस्या का निस्तारण करेंगे। इस शिविर से योजना से वंचित करीब छह हजार किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल सकेगा।
उपनिदेशक कृषि आरएन सिंह ने बताया कि एक फरवरी से तीन फरवरी तक जिले के सभी ब्लाकों में प्रधानमंत्री किसान समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। बताया कि जिले में अभी जिले में करीब छह हजार किसान ऐसे हैं जो पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित है। ऐसे किसानों को अपने ब्लाक के राजकीय बीज भंडार गृह पर पहुंचना होगा। उनके आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या में गड़बड़ी समेत अन्य समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने ब्लाक वार लगने वाले पीएम किसान सम्मान दिवस में दो अफसरों की लगाई है। इसमें कन्नौज, उमर्दा, जलालाबाद व गुगरापुर ब्लाक क्षेत्र में पर्यवेक्षक के रूप में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी राम मिलन सिंह परिहार को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तालग्राम, छिबरामऊ, सौरिख व हसेरन ब्लाक में उप संभागीय कृषि प्रसाद अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार को पर्यवेक्षक बनाया गया है। पीएम किसान समाधान दिवस शिविर में ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक आने वाले किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, पर्यवेक्षक ब्लाक वार लगने वाले पीएम किसान समाधान दिवस का भ्रमण कर हकीकत परखेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को अपने ब्लाक क्षेत्र के राजकीय कृषि बीज भंडार गृह पर आधार, खाता संख्या समेत अन्य अभिलेख लेकर पहुंचने को कहा गया है।