उमर्दा(कन्नौज)। डीएम ने शनिवार को उमर्दा ब्लाक में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने घटिया निर्माण देख नाराजगी जताई। डीएम ने कार्यदायी संस्था व स्वास्थ्य विभाग के जेई पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शनिवार दोपहर बाद डीएम राकेश कुमार मिश्र ने प्रशासनिक अफसरों के साथ उमर्दा ब्लाक में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। भवन के बाहर लगी ईंट पर जरा सा जोर लगाया तो उसके कई टुकड़े हो गए। यह देख डीएम का पारा चढ़ गया। डीएम ने घटिया ईंटों के प्रयोग के बारे में पूछा तो कार्यदायी संस्था के अधिकारी जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे बने टैंक को देखा। यहां फर्श गिट्टी का प्रयोग न होने से चटकने लगी। थोड़े दबाव में फर्श उखड़ गई। डीएम ने कहा कि जरा सी लापरवाही में टैंक धंस सकता है। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका है।
सीएचसी में लगे पंखों, अन्य की गुणवत्ता ठीक नहीं मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए राजकीय निर्माण निगम कानपुर यूनिट के जेई नूरुल आलम व स्वास्थ्य विभाग के जेई पीडी वर्मा पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्वक काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वह दोबारा भवन का निरीक्षण करेंगे। आगे भी लापरवाही मिली तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीडीओ आरएन सिंह, एई डीआरडीए हाकिम सिंह समेत कई अफसर मौजूद रहे।
तिर्वा-बेला मार्ग चौड़ीकरण में 10 सेमी कम मिली सड़क
कन्नौज। जिलाधिकारी ने तिर्वा-बेला मार्ग का चौड़ीकरण भी देखा। दोनों तरफ की लंबाई नापने पर 10 सेमी कम मिली। उन्होंने कम चौड़े मार्ग को पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने शनिवार को 50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तिर्वा से बेला मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को देखा। यह मार्ग सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है। दोनों तरफ दस सेमी सड़क कम मिली। मार्ग की गुणवत्ता जांचने के लिए कुछ जगह खोदा गया। गुणवत्ता सही पाई गई। तिर्वा-बेला मार्ग का काम अध्ूारा मिला। डीएम ने नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एई गुरुचरन सिंह को जल्द निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने नसरापुर में बन रहे जिला विद्यालय निरीक्षक भवन को देखा। यहां के बाहरी भवन में छोटी-छोटी कमियां मिलने पर जल्द पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही डीआईओएस दफ्तर में अधूरे कार्य को पूर्ण कर भवन को हस्तांतरित करने के लिए कहा। उन्होंने नवीन मंडी में धान खरीद की हकीकत जानी। यहां 2800 क्विंटल धान व 8900 क्विंटल मक्का की खरीद पाई गई। डीएम ने फीडिंग के साथ भुगतान के निर्देश केंद्र प्रभारी को दिए। इस मौके पर सीडीओ आरएन सिंह, सदर एसडीएम गौरव शुक्ला, अधिशासी अधिकारी सिंचाई पारसनाथ आदि अफसर मौजूद रहे।