तालग्राम। पहली तेज बारिश ने नगर पंचायत तालग्राम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर की सरकार जब शपथ ले रही थी, उसी समय बारिश ने नगरीय जल निकासी व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया। नगर के कई मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को पानी के बीच से गुजरने के लिए विवश होना पड़ा। बारिश थमने के घंटों बाद भी जलभराव बना रहा।
एक ओर शहर की सरकार शपथ ले रही थी तो दूसरी तरफ कई मोहल्ले तेज बारिश से जलमग्न हो रहे थे। सुबह 10 बजते ही तेज बारिश ने नगरीय क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर बरती गई लापरवाही की पूरी पोल खोलकर रख दी। नौसरा, जयनगर, गांधी नगर मोहल्ले की स्थिति सबसे खराब दिखी। मोहल्ले की कई सड़कों पर पानी जमा हो गया। नाले का कीचड़ भी सड़क पर बहने लगा। इससे दुर्गंध के साथ ही जलभराव के संकट ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया। ईओ उमेशचंद्र का कहना है कि नालियों की सफाई कराई गई है। तेज बारिश से समस्या आई है। नगर पंचायत के वार्डों में जहां जलभराव की समस्या है, जल्द ही समाधान किया जाएगा।