चौपाल में ग्रामीणों की शिकायतें सुनते डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी प्रशांत वर्मा।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। प्रशासन जनता के द्वार अभियान में पहली चौपाल मंगलवार को शहर से तीन किमी दूर नजरापुर गांव में लगी। डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी प्रशांत वर्मा समेत जिलास्तरीय अफसरों ने शिकायतें सुनकर निस्तारण किया। एक साल से खतौनी लटकाए रहने पर लेखपाल को फटकार लगाई गई।
नजरापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में यह चौपाल लगाई गई। डीएम ने ग्रामीणों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए गोल्डन कार्ड, फाइलेरिया की दवा का सेवन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की शिकायताें को सुना। सुशीला पत्नी राजेंद्र ने पारिवारिक लाभ न मिलने की शिकायत की। कहा कि एक साल से मामला लटका हुआ है। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। इसी तरह वासीदेव, राम बहादुर, राजेंद्र शर्मा ने बताया कि लेखपाल किसी भी योजना की जानकारी नहीं देते हैं। सरकारी योजनाओं का आवेदन करने पर रिपोर्ट नहीं लगाते हैं। डीएम ने लेखपालों को फटकार लगा दी। सप्ताह में तीन बार गांव का भ्रमण करने के निर्देश दिए।
प्रधान कृष्ण प्रताप सिंह से विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने पेयजल की किल्लत का मुद्दा उठाया। कहा कि हैंडपंप ठीक न होने से दिक्कत होती है। ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। गोल्डन कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर एसडीएम गौरव कुमार, तिर्वा सीओ दीपक दुबे, कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।