कार्तिक पूर्णिमा के अवकाश के बाद मंगलवार को बैंक खुलते ही रुपये निकालने के लिए सुबह आज बजे से ही बैंकों के बाहर लंबी लाइनें लग गईं। बैंक में पैसा जमा करने से ज्यादा पैसा बदलने वालों की भीड़ ज्यादा रही। वहीं, ज्यादातर बैंकों में सिक्के दिए जाने से उपभोक्ता परेशान दिखे। मजबूरी में उन्हें सिक्के लेकर ही काम चलाना पड़ा। उपभोक्ता पैसा बदलने के लिए दिन भर बैंकों के सामने डटे रहे।
दो बजे के बाद खुले एटीएम
सोमवार को बैंक बंद होने का असर एटीएम सेवा पर भी पड़ा। यूनियन बैंक का एटीएम छोड़कर शहर भर के एटीएम बंद रहे। कई बार लोगों में धक्कामुक्की भी हुई। सिपाहियों ने लोगों को लाइन में लगाया।
एटीएम से पैसे निकालना हुआ फ्री
पीएनबी शाखा प्रबंधक साकेत कुमार ने बताया कि एटीएम से पैसे निकालने पर 30 दिसंबर तक कोई चार्ज नहीं लगेगा। कोई भी ग्राहक किसी भी एटीएम से पैसे निकाल सकता है।
खाते में जमाकर निकाल सकते है पैसे
यूनियन बैंक शाखा प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि बैंक में पर्याप्त मात्रा में पैसा है। उपभोक्ता पैसे बदलने के बजाए पैसा अपने खाते में डालकर दूसरे दिन निकाल सकता है। इससे उपभोक्ता का समय भी बचेगा साथ ही अधिक पैसा भी निकाल सकेगा। इससे बैंकों में हो रही आपाधापी भी कम होगी।
कई एटीएम कार्ड बन रहे मुसीबत
सुबह एटीएम खुलते लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। एक-एक उपभोक्ता कई-कई एटीएम कार्ड लेकर पैसा निकालने पहुंच रहे हैं। पंजाब नेशनल बैंक में एटीएम से पैसा निकालने पहुंचे पीयूष कटियार, संजय अग्निहोत्री ने बताया कि लोग जरूरत का पैसा निकाले तो कोई दिक्कत नहीं है। एक-एक आदमी पांच-पांच एटीएम कार्ड लिए हुए है। जिससे परेशानी हो रही है। गार्ड के मना करने पर झगड़ा करने लगते है।
10 के सिक्के बन गए मुसीबत
बैंकों में नोट बदलने की मारामारी और बाजार में 10 रुपये के सिक्के मुसीबत बने हुए हैं। दुकानदार से लेकर ग्राहक तक 10 रुपये के सिक्के नकली होने की आशंका के चलते नहीं ले रहे हैं। कस्बे के राजेश कुमार शुक्ला, सर्वेंद्र कुमार, विनय अवस्थी आदि ने बताया कि जिला प्रशासन को 10 के सिक्के चलाने के लिए सख्ती बरतनी चाहिए। सिक्के न लेने वालों पर कार्रवाई करें। जिससे बाजार में लेन-देन में सरलता हो सके।