पंचायत सचिव अनुज कुमार को निर्देश देते प्रभारी बीडीओ मनोज कुमार चतुर्वेदी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। वृहद गो संरक्षण केंद्र में मौजूद गोवंशों का पेट भरने के लिए ब्लाक के अधिकारियों ने चंदा किया है। 24 हजार सात सौ रुपयेे इकट्ठे कर भूसे और दाना का इंतजाम किया गया। वहीं मृत गोवंशों का पशु चिकित्साधिकारी ने पोस्टमार्टम किया। बाद में इन्हें दफन कर दिया गया।
बुधवार को एसडीएम देवेश कुमार गुप्त, प्रभारी बीडीओ व जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार चतुर्वेदी ने वृहद गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन सिंह ने मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम किया। मौत की वजह पेट फूलना और लकवा सामने आया। यहां व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए पंचायत सचिव अनुज कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। इससे पहले प्रभारी बीडीओ, ब्लाक प्रमुख मदन सिंह शाक्य के अलावा सभी पंचायत सचिवों ने गो संरक्षण केंद्र में भूसा व दाने के लिए 24 हजार सात सौ रुपये इकट्ठे किए।
केंद्र में लगेगा फरीदपुर गोशाला का गेट
वृहद गो संरक्षण केंद्र के गोवंशों को बाहर जाने से रोकने के लिए चारों तरफ कंटीले तार लगे हैं। यह काफी नीचे हैं। गेट अभी तक नहीं लगवाया गया। इससे गोवंश बाहर जाकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रभारी बीडीओ ने पंचायत सचिव को फरीदपुर गोशाला का गेट यहां लगवाने के निर्देश दिए हैं।
न केयर टेकरों के लिए क्वार्टर, न चहारदीवारी
छिबरामऊ देहात में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड ने एक करोड़ बीस लाख रुपये की लागत से वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कराया है। यहां पर न तो केयर टेकरों के लिए क्वार्टर बनवाए गए, न ही चारों ओर चहारदीवारी। इससे कर्मचारी खुले में रहने के लिए मजबूर हैं। अब कार्यदायी संस्था को गो संरक्षण केंद्र की डीपीआर(डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।