छिबरामऊ। द्वितीय चरण की आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। 22 अक्तूबर से शुरू होने वाले जनगणना प्रशिक्षण को लेकर एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला ग्राम्य विकास संस्थान और ग्लोबल एजुकेशन सेंटर पहुंचकर प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम ने प्रशिक्षण के लिए बुधवार को निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से तैयारी की जानकारी ली। प्रशिक्षण के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय से पूरा रखने पर जोर दिया गया। जनगणना से जुड़े कार्यों को लेकर प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कई चरणों में 15 नवंबर तक चलने वाले प्रशिक्षण में संबंधित कार्मिकों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि प्रशिक्षण के बाद कार्मिकों को मैदानी स्तर पर कार्य करने में किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अभिनव वर्मा, नायब तहसीलदार रामप्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी आनंद द्विवेदी और लेखपाल प्रशांत त्रिपाठी मौजूद रहे।