फुंके ट्रांसफार्मर के सामने नारेबाजी करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विकास खंड तालग्राम के सीडीओ की ओर से गोद लिए गांव भवानी सरांय का सात दिन से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। वीआईपी जिले में विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते 72 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का आदेश बेअसर साबित हो रहा है। बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के साथ मिलकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर शीघ्र उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग की है।
गांव में रखे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर फुंके होने के चलते मंगलवार को ग्राम प्रधान विजय सिंह की अगुवाई में रोजेदारों ने खासी नाराजगी जतायी। मोबीन, निसार, तसीरुद्दीन, जमील अहमद, मेहंदी हसन रज्जाक, मुस्तफा का कहना है कि सात जून से शुरू हुए रमजान के दूसरे दिन से ही गांव की बिजली गुल हो गई। जानकारी करने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंक गया है। इसके चलते सहरी से लेकर इफ्तार अंधेरे में अथवा चिराग की रोशनी में करना पड़ रहा है।
गर्मी में रोजेदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव के सत्येंद्र, उमेश, रामचंद्र, रामानंद, राजेश, बेचेलाल, अनिल का कहना है कि वे लोग दो बार बिजली उपकेंद्र जाकर जेई से शिकायत कर चुके हैं। हर बार ट्रांसफार्मर शीघ्र रखवाने का आश्वासन दे दिया जाता है लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो सका है। इससे उनके सामने पानी का संकट भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखे जाने की मांग की है।