छिबरामऊ (कन्नौज)। कानपुर नगर के बिल्हौर से बाइक लूटकर भाग रहे युवक को छिबरामऊ पुलिस ने पूर्वी बाईपास के पास से दबोच लिया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर युवक को कोतवाली भेज दिया।
बुधवार को छिबरामऊ पुलिस को वायरलेस पर कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र से युवक से बाइक लूटकर छिबरामऊ की तरफ भागने की सूचना मिली। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने नगर के पूर्वी बाईपास पर बैरियर लगाकर पुलिस कर्मियों को लुटेरों की धरपकड़ के लिए तैनात कर दिया।
इस दौरान संदिग्ध रूप से बाइक सवार युवक आते दिखा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस दौरान पीड़ित हनुमंत सिंह यादव (निवासी ग्राम मैजम, थाना ककबन, बिल्हौर) कोतवाली पहुंच गए। हनुमंत सिंह ने बताया कि वह रिश्तेदारी में कन्नौज जा रहा था। तभी युवक ने लिफ्ट मांगी। उसने युवक को बाइक पर बैठा लिया।
जीटी रोड पर बकोठी खास गांव के सामने पीछे से पल्सर बाइक पर दो और युवक आ गए। तीनों ने मारपीट कर बाइक, मोबाइल व आठ सौ रुपये छीन लिए। उसने बिल्हौर पुलिस से शिकायत की। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।