कन्नौज। सपा नेता कैश खां को कोर्ट ने गुरुवार को जमानत पर छोड़ दिया। जिला बदर होने के कारण उसे जिले की सीमाओं से बाहर कर दिया गया। वहीं, चौकी प्रभारी ने सपा नेता के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गिरफ्तारी के बाद सपा नेता कैश खां को कोर्ट में पेश किया गया। सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट ने उसे जमानत दे दी, लेकिन जिलाधिकारी ने उसे छह माह के लिए जिला बदर किया है। इस कारण उसे जिले की सीमाओं से बाहर कर दिया गया। गौरतलब है कि मोहल्ला बालापीर निवासी सपा नेता कैश खां को बुधवार को पुलिस ने चचेरे भाई के मकान से गिरफ्तार किया था। वह पुलिस से बचने के लिए टांड़ के ऊपर गद्दे के पीछे छिपा हुआ था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर कोतवाली लाई और कला चौकी प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सदर कोतवाल ने बताया कि सपा नेता यदि दोबारा जिले की सीमा के अंदर दाखिल होता है तो उसे फिर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।