गुरसहायगंज। पत्नी को शादी समारोह में छोड़ने जा रहे युवक से चार लोगों ने मारपीट कर 31 हजार रुपये, पत्नी के जेवरात और बाइक छीन ली। विरोध करने पर चाकू और लाठी-डंडे से पीट दिया।
ग्राम पनगवां निवासी विवेक कुमार, पत्नी माया देवी को ग्राम औराई में रिश्तेदारी में सोमवार की शाम बाइक से छोड़ने जा रहा था। ग्राम सराय दौलत स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास चार लोगों ने उसे रोक लिया और चाकू व लाठी-डंडा से हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गया। इस दौरान उन लोगों ने बाइक, 31 हजार रुपये और पत्नी के जेवर छीन लिए।
विवेक ने बताया कि मामले की सूचना सराय प्रयाग चौकी पर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मंगलवार को कोतवाली में मामले का प्रार्थना पत्र दिया है। सराय प्रयाग चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक, रुपये छीनने की घटना झूठी है। विवेक ने पत्नी को पीटा जिस पर उसके सालों ने मारपीट की है। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। (संवाद)