नोटबंदी के बाद सबसे अधिक फायदा बिजली विभाग को हुआ है। रविवार को बिल जमा काउंटर खुलने के बाद शाम तक 75 लाख जमा हुए। अधिकारियों का कहना है सोमवार को पुराने नोट जमा करने का अंतिम दिन निर्धारित किया गया है।
रविवार को नगर के पूर्वी बाईपास स्थित विद्युत खंड कार्यालय पर सुबह से ही बिल जमा करने को भारी भीड़ लग गई। यहां दो काउंटरों पर शहरी व देहात क्षेत्र के बिल जमा किए जा रहे थे। साथ ही बिल संशोधन का भी काम चल रहा था। अधिशासी अभियंता सुभाष सचान ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने लगभग 60 लाख और ग्रामीण क्षेत्र से 15 लाख रुपये जमा किए गए हैं।
इसके अलावा आनलाइन बिलिंग में भी लगभग आठ लाख रुपये जमा हुए हैं। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि सोमवार 14 नवंबर को पुराने नोटों से बिल जमा करने का अंतिम दिन है। इसके बाद पुराने नोट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इस दौरान अकील अहमद, विजय कुमार, गोविंद व आशुतोष सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।