कसबे में पेयजलापूर्ति के लिए पाइप लाइन डालते वक्त
करीब दो माह पहले सीसी रोड खोदकर क्षतिग्रस्त कर दी गई थी, पर उसकी मरम्मत
नहीं कराई गई, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने डीएम से खुदी पड़ी रोड की मरम्मत कराने की मांग की है।
पूर्व
जिला पंचायत सदस्य नूर आमना बेगम, गणेश दीक्षित, आछेलाल यादव, धर्मेंद्र
शर्मा, घनश्याम सैनी, जगदीश यादव, इरफान खान, मो. सफी, फूल सिंह चौहान ने
बताया कि उमर्दा कस्बे में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता दोहरे की ओर से सीसी
रोड बेला तिर्वा रोड से सैयद बाबा की मजार होते हुए साधन सहकारी समिति तक
बनवाई थी।
इसे बीचोबीच जल निगम ने पाइप लाइन डालने को खोद दिया। पाइप डाल
दिए गए, पर उसके बाद टूटी पड़ी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। अब्दुल
रहमान, मनमोहन सिंह, गुड्डू यादव, मिथलेश ने बताया कि रोजाना सैकड़ों लोगों
को आवागमन में खुदी पड़ी रोड परेशान कर रही है।
रात के वक्त तो अक्सर
इस गली से निकलने वाले गिरकर घायल हो जाते हैं। कई बार जल निगम के
इंजीनियरों व ठेकेदार से कहा गया, पर गली की मरम्मत कराने की जरूरत नहीं
समझी गई। वहीं रोड खुदी होने से जल निकासी भी बाधित हो रही है। इससे अक्सर
जलभराव की समस्या भी पैदा हो जाती है।
उधर, जल निगम के अधिशासी अभियंता
राजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी ने शिकायत नहीं की
है। छानबीन कराकर समस्या का समाधान कराएंगे।