कन्नौज। बुढ़वा मंगल दो सितंबर यानी मंगलवार को है। इसको लेकर रविवार को जोरशोर से तैयारी की जा रही है। हनुमान मंदिरों की साज-सज्जा के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। मंदिर कमेटियों की ओर से तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जलालाबाद स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल पर मेला का आयोजन किया जाता है। मंदिर को सजाने की तैयारी शुरू हो गई हैं। मंदिर को भव्यता देने के लिए भगवा रंग से रंगा जा रहा है। बजरंग सेवा समिति के शुभम तिवारी, अमित मिश्रा ने बताया कि मंदिर का काम समिति व स्थानीय श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कर रहे हैं। मंदिर के साथ परिसर को भी आकर्षक लाइटों व झालरों से सजाया जाएगा।
मान्यता है कि कठिन से कठिन संकट में पड़ने पर बाबा के चरणों में मत्था टेकने पर भक्तों का संकट दूर हो जाता है। इसी प्रकार नगर के तिर्वा क्रासिंग स्थित बालाजी हनुमान मंदिर में भी सुंदरकांड व विशाल का भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति के सदस्य विष्णु कुमार शुक्ल, हिमांशु शुक्ल, पवन दुबे, आशीष दुबे, कमलेश दुबे ने बताया कि मंदिर में सुबह छह बजे से पूजन अर्चन शुरू होगा। यहां बाबा का भव्य श्रंगार, चाेला, हवन पूजन के साथ संगीतमय सुंदरकांड का पाठ होगा। साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार अन्य हनुमान मंदिरों में भी बुढ़वा मंगल को अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।