विशुनगढ़। बंटवारे के विवाद में भाई पर फायरिंग कर भागे युवक को पुलिस ने छिबरामऊ स्थित नगर पालिका रोड से रविवार को गिरफ्तार कर लिया था। तलाशी में युवक के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम भौंराजपुर निवासी प्रत्यूष कुमार उर्फ सौरभ कुमार ने बताया कि शनिवार को वह मकान का निर्माण करा रहा था। शाम 4.30 बजे भाई सत्यम वहां आया और बंटवारे के लिए गालीगलौज करने लगा। गालियां देने से मना करने पर उसने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। भाई गौरव व मां उमा देवी के आ गए। पुलिस के पहुंचने से पहले वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
कैरदा चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार ने पुलिस बल के साथ पीछा किया। सीओ सुरेश मलिक भी मैदान में आ गए और पीछा कर रही पुलिस बल के साथ छिबरामऊ के नगर पालिका रोड पर घेराबंदी कर आरोपी युवक को दबोच लिया। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस व बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। प्रत्यूष कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। न्यायिक अभिरक्षा में आरोपी को जेल भेज दिया गया है।