कन्नौज। बुधवार को तीसरे और अंतिम चरण के निकाय चुनाव में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पिछले रिकार्ड ध्वस्त करते हुए इस बार जमकर वोटिंग हुई। हर बूथ पर मतदाताओं की लाइन लगी रही। जिले की तीन नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों में शाम 5 बजे के बाद तक पोलिंग का क्रम चलता रहा। जिले में शाम पांच बजे तक 71.24 फीसदी मतदान हुआ। 2012 में ये आंकड़ा 60.64 फीसदी का था। तालग्राम, गुरसहायगंज, समधन में पुलिस, प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। इसके अलावा सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण रहा।
जिले में आठ निकायों के अध्यक्ष पद के 135 और सदस्य पद के 844 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया। मतदान को लेकर वोटर काफी जोश में रहे। हाल ये रहा कि सुबह नौ बजे तक जो वोटिंग प्रतिशत 15.20 था, 11 बजते-बजते 31.94 पर पहुंच गया। एक बजे 55.31 फीसदी और तीन बजे तक यह आंकड़ा 64.96 फीसदी पर आ गया।
शाम पांच बजे तक वोटिंग प्रतिशत 71.24 रहा। कन्नौज के साथ ही गुरसहायगंज, छिबरामऊ, तिर्वा, तालग्राम, समधन, सिकंदरपुर और सौरिख में भी सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ लगी रही। युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक मतदान करने पहुंचे। एडीजी अविनाश चंद्र ने भी जिले के कई केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रत्याशियों और मतदाताओं से बात कर उनकी समस्याएं पूछीं। कुछ जगह पर प्रत्याशियों ने आपत्ति दर्ज कराई तो उसका निराकरण तुरंत करने के आदेश मातहतों को दिए। एडीजी ने तालग्राम, छिबरामऊ और गुरसहायगंज के बूथों के भी हाल जाने।
जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद और पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर फोर्स के साथ एक बूथ से दूसरे बूथ घूमते रहे। तालग्राम, समधन, तिर्वा के साथ ही छिबरामऊ, सौरिख और सिकंदरपुर पहुंचकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। तालग्राम में भाजपा प्रत्याशी की एक दरोगा से झड़प हुई। गुरसहायगंज में फर्जी मतदान को लेकर चार बूथों पर हंगामा हुआ। इस पर पुलिस ने लाठी पटककर सभी को खदेड़ दिया। समधन में बूथों के आसपास जमावड़ा लगाए लोगों को पुलिस ने खदेड़ा।
छिबरामऊ प्रतिनिधि के अनुसार, बुधवार को निकाय चुनाव के तीसरे चरण का मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू हो गया। नगर के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई।
शाम पांच बजे तक नगर में 63.11 फीसदी मतदान हुआ।
नगर के अनवरी बेगम हायर सेकंडरी स्कूल, अस्पताल रोड बारातघर, हीरालाल वीएन इंटर कालेज, जगदीश्वरदयाल जनता इंटर कालेज, शकुंतलादेवी बालिका विद्यालय मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी लाइनें लगी हुईं थीं। दोपहर में भीड़ थोड़ी कम हुई, लेकिन शाम को फिर मतदान केंद्रों पर भीड़ लग गई। बहवलपुर के मतदान केंद्रों पर भी वोटरों की लाइन लगी रही। सौरिख में सुबह से ही मतदान के लिए लोगों में उत्साह देखा गया। शाम तक नगर में 75.91 फीसदी मतदान हुआ।