बीस दिन पहले सांस की बीमारी के चलते पंचू की मां का देहांत हो गया था। मां की मौत के गम में पंचू ने अपनी जान दे दी। मामला कन्नौज जिले के तिर्वा का है।
धरमंगदपुर गांव निवासी पंचू पाल (25) पुत्र रामचंद्र पाल की मां शांती देवी (52) की बीस दिन पहले सांस की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां की मौत से पंचू काफी दुखी था।
बुधवार को औरैया के विधूना कस्बा निवासी पंचू के चाचा के बेटे की बारात थी। परिजन बारात में गए थे, जबकि पंचू घर पर अकेले था। दोपहर में पंचू ने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में देशी तमंचे से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस व मृतक के पिता को दी। पिता रामचंद्र पाल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने मां के गम में आत्महत्या की है।